दरौली के डॉ अंकित को मिला दिल्ली राज्य शिक्षक पुरस्कार।

कृष्ण मोहन शर्मा, September 6, 2023

Views570

गुठनी

दरौली थानाक्षेत्र के टड़वा परसिया गांव निवासी स्व भुवनेश्वर लाल श्रीवास्तव के पुत्र सह दिल्ली के शिक्षा निदेशालय के कोर एकेडमिक यूनिट के प्रववक्ता(हिंदी) अंकित कुमार श्रीवास्तव को दिल्ली राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। शिक्षक दिवस के मौके पर दिल्ली के माननीय मुख्यमंत्री केजरीवाल जी ने अंकित को सम्मान पत्र,मेडल,अंगवस्त्र व पुरस्कार राशि का चेक देकर सम्मानित किया। अंकित की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी है।

अंकित कुमार श्रीवास्तव शिक्षा निदेशालय, दिल्ली की परीक्षा शाखा के कोर एकेडमिक यूनिट के सदस्य और एक नवोन्मेषी शिक्षक के साथ-साथ उत्साही शिक्षार्थी के रूप में,निदेशालय के विद्यार्थियों के लिए लगातार रचनात्मक और प्रगतिशील दृष्टिकोण अपनाते रहे हैं। उन्होंने ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाओं/शिक्षण अधिगम प्रक्रिया में अनेक गतिविधियों के लिए समन्वयक के रूप में सराहनीय काम किया और महामारी कोविड 19 के दौरान कक्षा VI से X के लिए उनके द्वारा सामान्य और विषय विशिष्ट वर्कशीट विकसित किए गए।

उन्होंने शिक्षा निदेशालय दिल्ली सरकार और SCERT की विभिन्न नवीन परियोजनाओं में भी उल्लेखनीय काम किया। जैसे मिशन गणित, 100 दिन का पठन अभियान आदि। उन्होंने एससीईआरटी में एक संसाधन व्यक्ति के रूप में विभिन्न शैक्षणिक नवाचारों को विकसित करने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया जैसे कि EMC (Entrepreneurship mindset curriculum) के मैनुअल का लिप्यंतरण, विद्यारंभ, विद्यांजलि और विद्यादान-दीक्षा कार्यक्रम के लिए सामग्री विकसित करना आदि। वह गतिशील और इंटरैक्टिव तथा शिक्षण को अनुभव आधारित बनाने का प्रयास करते हैं। नवाचार, ईमानदारी, परिश्रम, टीम वर्क और लक्ष्यों को प्राप्त करने के प्रति समर्पण उनकी पेशेवर यात्रा की प्रमुख विशेषताएं हैं। उनका शिक्षण दर्शन आलोचनात्मक सोच, समस्या-समाधान और ज्ञान के वास्तविक दुनिया के अनुप्रयोग को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। उनका मानना है कि शिक्षा केवल कक्षाओं तक ही सीमित नहीं है बल्कि जीवन के हर पहलू तक फैली हुई है। उनकी नवोन्वेषी भावना, विकास के प्रति उनके समर्पण के साथ मिलकर, उनके पेशे और उनके द्वारा शिक्षित लोगों के जीवन दोनों पर गहरा प्रभाव डालती है।

डॉ अंकित की प्रारंभिक शिक्षा दरौली में हुयी है जैन हाई स्कूल से 10 वी तक कि पढ़ाई कर 12 वी करने पटना चले गये। उनके पिता भारतीय रेल में स्टेशन मास्टर थे। इनके बड़े भाई संजय लाल मध्य विद्यालय असांव में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत है। डॉ अंकित की पत्नी रुचि श्रीवास्तव दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर है। डॉ अंकित को इस उपलब्धि पर बधाई देने वालो शशिकांत,अधिवक्ता निशांत कुमार,अमर नाथ पटेल,संतोष शर्मा,डॉ मुकुल वर्मा,नंदजी राम, सहित कई अन्य शामिल है।